Badaun Politics : जिले की राजनीति में बयानों के तीर चलने शुरू हो गए हैं। सांसद आदित्य यादव के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने तीखा जवाब दिया है। उन्होंने सपा की परिवारवादी संस्कृति पर निशाना साधते हुए सपा सांसद से बीते पच्चीस सालों से विकास का हिसाब मांगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने सोशल मीडिया के जरिए आदित्य यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो परिवार दशकों तक वंचितों के अधिकार लूटकर फला-फूला, वह आज बदायूं से दिल्ली की सीधी ट्रेन सेवा का स्वागत करने का साहस भी नहीं जुटा पा रहा है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सपा के कार्यकाल में हमेशा जिले के मुकाबले सैफई को प्राथमिकता दी जाती थी। उन्होंने केंद्रीय राज्यमंत्री बी.एल. वर्मा के कार्यकाल को विकास का मील का पत्थर बताते हुए आदित्य यादव को सार्वजनिक चर्चा की खुली चुनौती दी है। गुप्ता ने कहा, स्थान और समय आदित्य यादव तय करें, हम गंगा एक्सप्रेस-वे, उझानी रिंग रोड, अमृत योजना और बरेली-मथुरा फोरलेन जैसे अनगिनत कार्यों पर बहस के लिए तैयार हैं। उन्होंने दावा किया कि विकास के आंकड़ों के सामने पूरा सपा घराना निरुत्तर हो जाएगा। इस जवाबी वार ने जिले का सियासी पारा चढ़ा दिया है।

0 टिप्पणियाँ